देश की राजधानी नई दिल्ली में चल रहे एआई इंपैक्ट समिट के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी को AI समिट एक्सपो तुरंत खाली करने के लिए कहा गया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उस समय की गई जब समिट में प्रदर्शित एक रोबोटिक डॉग को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मंगलवार को इस इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि एक रोबोटिक डॉग को अपने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा विकसित प्रोडक्ट के रूप में पेश करते दिखाई दिए।
जांच में सामने आया कि समिट में प्रदर्शित रोबोटिक डॉग दरअसल चीनी कंपनी Unitree Robotics द्वारा निर्मित मॉडल Unitree Go2 है। हालांकि, समिट में इसे “ओरियन” नाम से प्रस्तुत किया गया था। इसी को लेकर विवाद गहराया और सवाल उठे कि क्या इसे स्वदेशी उत्पाद के रूप में प्रदर्शित किया गया था।
विवाद बढ़ने के बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ. ऐश्वर्या श्रीवास्तव ने सफाई देते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी ने कभी यह दावा नहीं किया कि रोबोटिक डॉग को उन्होंने बनाया है। उनके अनुसार, यह उनके एआई निवेश और शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा था, जिसे गलत तरीके से समझा गया।
इससे पहले यूनिवर्सिटी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया था कि रोबोटिक प्रोग्रामिंग का उद्देश्य छात्रों को एआई एप्लिकेशन विकसित करना सिखाना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर उपलब्ध टूल्स और संसाधनों का उपयोग कर वास्तविक दुनिया की तकनीकी दक्षता हासिल कर सकें।
यूनिवर्सिटी ने अपने खिलाफ “प्रोपेगैंडा अभियान” चलाए जाने पर भी चिंता जताई है। फिलहाल मामले को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
