
दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में वह कथित तौर पर त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ नस्लीय और अपमानजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
रिजिजू बोले- आरोपी को मिलेगा सबक
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई है, लेकिन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस उसे कड़ा सबक सिखाएगी। रिजिजू ने यह भी कहा कि समाज में नस्लीय भेदभाव और नफरत भरे व्यवहार को बर्दाश्त करने वाले लोग भी ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार हैं।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
विवाद बढ़ने के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया है। यूथ टिपरा फेडरेशन ने भी अगरतला के एक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में नस्लीय उत्पीड़न, साइबर बुलिंग और राज्य के मूल समुदायों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
विरोध के बाद आरोपी ने मांगी माफी
सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध के बीच आमिर शौकीन ने कथित तौर पर विवादित वीडियो हटा दिया और माफी मांगी। उसने दावा किया कि वीडियो स्क्रिप्टेड था और उसका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। हालांकि, इस सफाई के बावजूद मामले में कार्रवाई की मांग जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर पूर्वोत्तर भारत के लोगों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव और अपमानजनक व्यवहार का मुद्दा चर्चा में ला दिया है। इससे पहले अभिनेता अक्षय कुमार भी पूर्वोत्तर के लोगों के साथ होने वाले भेदभाव पर चिंता जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि पूर्वोत्तर के लोग भी उतने ही भारतीय हैं, जितने देश के अन्य नागरिक।

