
मुंबई। रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच बदलते रिश्तों के साथ-साथ भावुक कर देने वाले पल भी देखने को मिल रहे हैं। हालिया एपिसोड में तेज प्रताप यादव अपनी मां राबड़ी देवी को याद करके भावुक हो गए। उन्हें घर और परिवार की याद सताने लगी। तेज प्रताप को इस तरह भावुक देखकर अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी अपनी बेटी राबिया को याद करने लगीं और रो पड़ीं।
मां को याद कर बोले- घर जाना चाहता हूं
शो में तेज प्रताप यादव ने बताया कि उन्हें अपने घर की बहुत याद आ रही है और वह खास तौर पर अपनी मां राबड़ी देवी को मिस कर रहे हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह घर जाना चाहते हैं।
तेज प्रताप की बातें सुनकर शो के अन्य कंटेस्टेंट्स भी भावुक नजर आए। इसी दौरान स्वरा भास्कर ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ समय बाद वह खुद अपनी बेटी राबिया को याद करके भावुक हो गईं।
बेटी को गले लगाने के लिए बेचैन हुईं स्वरा
स्वरा भास्कर ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी की बहुत याद आ रही है। वह भावुक होकर मेकर्स से बेटी की तस्वीर दिखाने की मांग करती नजर आईं। तेज प्रताप ने इस दौरान स्वरा को संभालने और समझाने की कोशिश की।
स्वरा ने इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा कि एक कामकाजी मां का दिमाग भले ही काम पर रहता है, लेकिन उसका दिल हमेशा घर में रहता है। उन्होंने अपनी बेटी राबिया को जल्द गले लगाने की बेसब्री भी जाहिर की।
शहजाद पूनावाला और स्वरा की बदली बॉन्डिंग
शो में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के रिश्ते में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। शुरुआत में दोनों के बीच मतभेद और बहस दिखाई दी थी, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच बॉन्डिंग बेहतर होती नजर आ रही है।
हाल ही के एक वीडियो में शहजाद पूनावाला स्वरा भास्कर के फिटनेस कोच की भूमिका में नजर आए। दोनों के बीच इस दौरान दोस्ताना अंदाज देखने को मिला।
शुरुआत में भी हुआ था विवाद
‘राइज एंड फॉल 2’ की शुरुआत विवादों से भी हुई थी। शो के पहले ही दिन शहजाद पूनावाला और सिवेत तोमर के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इस दौरान सिवेत ने शहजाद के कपड़े फाड़ दिए थे। बाद में सिवेत तोमर को शो से बाहर कर दिया गया।
अब शो में जहां कंटेस्टेंट्स के बीच समीकरण बदल रहे हैं, वहीं तेज प्रताप यादव और स्वरा भास्कर के भावुक पलों ने दर्शकों का ध्यान खींचा है।

