
नानकमत्ता: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में हिस्सा लिया और स्वयं श्रमदान किया। मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
गुरुद्वारा में मत्था टेककर की सुख-समृद्धि की कामना
स्वच्छता कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेका। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
धार्मिक स्थलों की स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ आसपास के पूरे वातावरण को स्वच्छ रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के अलावा बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी साफ-सफाई बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए और इसमें आम लोगों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ में सेवा और जनभागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को नई मजबूती मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
‘स्वच्छता को लगातार आगे बढ़ाना होगा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को किसी एक अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसे निरंतर जनभागीदारी के जरिए आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि प्रत्येक नागरिक अपने घर के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने में योगदान दे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और सुंदर उत्तराखंड का निर्माण संभव है।
जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी समेत गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

