
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि ईरान में अब तक 81 हजार प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है और हाल के दिनों में ईरान ने अपने मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। ट्रंप ने इसके लिए अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने दावा किया कि डेमोक्रेट्स की चुनावी जीत के बाद ईरान पहले से ज्यादा आक्रामक हो गया है। हालांकि, ट्रंप ने भरोसा जताया कि अंत में जीत अमेरिका की ही होगी।
अमेरिका में हाल ही में हुए मध्यावधि चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में 258 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बढ़त हासिल की है। इस चुनावी हार के बाद ट्रंप लगातार विपक्षी पार्टी पर निशाना साध रहे हैं।
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर डेमोक्रेट्स जीतते हैं तो शेयर बाजार में गिरावट आएगी और ईरान अपने हमले तेज कर देगा। उनके मुताबिक, दोनों ही बातें सही साबित हुई हैं।
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने बीते एक सप्ताह में पिछले एक साल के मुकाबले कहीं ज्यादा मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान अब तक 81 हजार प्रदर्शनकारियों को मार चुका है।
हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान की ओर से दागी गई सभी मिसाइलों और ड्रोनों को मार गिराया गया है और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि हाल ही में ईरान ने एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान पर मिसाइल दागने का दावा किया था। हालांकि, अमेरिका ने ईरान के इस दावे को खारिज कर दिया था।
ट्रंप ने अपने बयान में ईरान के नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ईरान के नेता डेमोक्रेट्स को कमजोर और देश को बर्बाद करने वाला मानते हैं, लेकिन वह ऐसा नहीं होने देंगे।
ट्रंप ने तेल की कीमतों को लेकर भी डेमोक्रेट्स पर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि डेमोक्रेट्स और ईरान ने तेल की कीमतों को लंबे समय तक ऊंचा बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन चुनाव के बाद कीमतों में भारी गिरावट आई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने बयान के अंत में कहा कि भले ही चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, आखिरकार जीत अमेरिका की ही होगी।

