
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इन दिनों भारत के दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में पीएम मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में भारत और नेपाल के संबंधों को मजबूत बनाने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और सीमा पार कनेक्टिविटी समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत इस मुश्किल समय में नेपाल के साथ खड़ा है।
पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा भी की। इस पहल से नेपाल में विकास कार्यों और दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है।
भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह ने अयोध्या से जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया।
इस रेल सेवा से दोनों देशों के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर अयोध्या और जनकपुर जाने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा पर्यटन, व्यापार और लोगों के आपसी संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।
नेपाल में पिछले साल सितंबर में हुए जेन-जी आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। इसके करीब छह महीने बाद मार्च में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेतृत्व में बालेन शाह ने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
सरकार गठन के दौरान ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था। नेपाल के प्रधानमंत्रियों की परंपरा रही है कि वे अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा भारत से शुरू करते हैं। हालांकि, यह अनिवार्य नियम नहीं है। वर्ष 2024 में केपी शर्मा ओली ने इस परंपरा से अलग हटकर अपनी पहली विदेश यात्रा चीन की की थी।
बालेन शाह की भारत यात्रा से पहले नेपाल के मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने सरकार को राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी थी।
पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा ने शनिवार को जारी बयान में कहा था कि यह यात्रा नेपाल के हितों को पूरा करने और भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने दोनों देशों के बीच पहले हुए समझौतों और प्रतिबद्धताओं को लागू करने, लंबित मुद्दों को सुलझाने और आपसी लाभ पर आधारित दीर्घकालिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया था।

