उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जोर-शोर से चल रही है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। पिछले तीन दिनों में 60 हजार से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। यमुनोत्री में दर्शन के लिए 20 मिनट तक का इंतजार है। केदारनाथ में प्रतिदिन 24 हजार से ज्यादा श्रद्धालु आ रहे हैं। यात्रा सुव्यवस्थित ढंग से चल रही है।
चारधाम यात्रा अब गति पकड़ने लगी है। पिछले 21 दिन में 10.91 लाख तीर्थयात्री चारों धाम में दर्शन कर चुके हैं। यमुनोत्री से लेकर बदरीनाथ तक तीर्थ यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। निरंतर बदल रहा मौसम भी आस्था की बयार को रोक नहीं पा रहा।
गंगोत्री धाम में तो दर्शन के लिए तीर्थ यात्रियों की भागीरथी (गंगा) के घाट तक कतार लग रही है। यमुनोत्री धाम में भी तीर्थ यात्रियों को दर्शन के लिए 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि, दोनों धाम में पुलिस बल की बड़ी संख्या में तैनाती होने से तीर्थ यात्रियों को सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन हो रहे हैं।
30 अप्रैल को हुई थी यात्रा की शुरुआत
इस बार 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई चारधाम यात्रा में शुरुआत में भीड़भाड़ कम नजर आ रही थी। मई पहले सप्ताह तक दोनों धाम में प्रतिदिन तीर्थ यात्रियों की औसत संख्या आठ हजार से कम थी। अब दो-तीन दिन से यात्रा गति पकड़ने लगी है।
पिछले तीन दिन में 60 हजार से अधिक तीर्थयात्री गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में दर्शन कर चुके हैं। यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाले छह किमी लंबे पैदल मार्ग पर भौगोलिक परिस्थितियों के चलते तमाम दुश्वारियों के बाद भी तीर्थयात्री उत्साह के साथ आस्था पथ पर कदम बढ़ा रहे हैं। यहां गर्म कुंड से मंदिर तक दर्शन के लिए कतार लग रही है। गंगोत्री धाम में भी तीर्थ यात्रियों से अच्छी रौनक हैं। मंगलवार को यमुनोत्री में 10,395 और गंगोत्री में 11,111 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए।
इस दिन सर्वाधिक रही दर्शनार्थियों की संख्या
दर्शनार्थियों के प्रतिदिन के आंकड़ों पर नजर डालें तो यमुनोत्री धाम में 18 मई को सर्वाधिक 11,298 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। गंगोत्री में दर्शनार्थियों की सर्वाधिक संख्या 13 मई को 11,180 रही।
केदारनाथ धाम में प्रतिदिन 24 हजार से अधिक तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन को पहुंच रहे हैं। दो मई को धाम के कपाट खुलने के बाद सोमवार को 19वें दिन दर्शन करने वालों की संख्या चार लाख पार हो गई। केदारनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों का सर्वाधिक दबाव 20 मई से 15 जून तक रहता है।
इस बार कपाट खुलने वाले दिन 30 हजार से अधिक तीर्थ यात्रियों ने धाम में दर्शन किए। इसके बाद यह संख्या 20 हजार प्रतिदिन पहुंची और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के दौरान 17 हजार पर आ गई। अब यात्रा ने गति पकड़ ली है।
अब तक पहुंचे तीर्थयात्री
- यमुनोत्री- 2,00,588
- गंगोत्री- 1,86,388
- केदारनाथ- 4,29,868
- बदरीनाथ- 2,74,562
तीन दिन में चारधाम पहुंचे तीर्थयात्री
- तिथि-यमुनोत्री-गंगोत्री-केदारनाथ-बदरीनाथ
- 17 मई-10,327-10,106-23,354-19,250
- 18 मई-11,298-9,576-24,336-21,258
- 19 मई-10,882-9,983-24,356-20,588
- 20 मई-10,395-11,111-24,615-20,227
