तेहरान। Iran और Israel के बीच जारी भीषण संघर्ष के बीच एक ईरानी जोड़े का अनोखा निकाह पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है। युद्ध के माहौल के बीच इस जोड़े ने गोला-बारूद के बक्सों पर बैठकर निकाह की रस्में अदा कीं और उसी को सोफे की तरह इस्तेमाल किया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दूल्हा और दुल्हन दोनों के हाथों में राइफल दिखाई दे रही है, जबकि उनके पास एक मशीन गन भी तैनात नजर आती है। वीडियो में उनके पीछे बड़ी संख्या में सशस्त्र समर्थक भी मौजूद हैं। यह वीडियो अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्लेटफॉर्म RT की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार यह निकाह उस समय हुआ जब क्षेत्र में United States और इजरायल की ओर से ईरान पर हमले तेज हो गए हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि समारोह के दौरान मौजूद लोग “इजरायल मुर्दाबाद” और “अमेरिका मुर्दाबाद” के नारे भी लगा रहे थे।
बताया जा रहा है कि यह अनोखी शादी Quds Day रैलियों के दौरान हुई। इस मौके पर ईरान के राष्ट्रपति Masoud Pezeshkian भी जनता के बीच मौजूद थे।
दंपति ने युद्ध के माहौल के बीच इस तरह निकाह करके सरकार के प्रति समर्थन और संघर्ष के बीच भी जीवन को आगे बढ़ाने का संदेश देने की कोशिश की। राज्य मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों और वीडियो में दूल्हा-दुल्हन मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि उनके पीछे युद्ध के हालात साफ दिखाई दे रहे हैं।
फरवरी के आखिर में शुरू हुए इस संघर्ष के बाद से तेहरान सहित कई शहरों में लगातार हमले हो रहे हैं, जिनमें सैन्य ठिकानों, मिसाइल साइटों और सरकारी इमारतों को निशाना बनाया गया है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर फिलिस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं।
