मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में एशियाई कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर भव्य शुभारंभ किया। इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देश-विदेश के लगभग 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें भारत से 150 से अधिक युवा प्रतिभागी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वे न केवल खेलों में उत्कृष्टता हासिल करें, बल्कि समाज के लिए आदर्श भी बनें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण और नशामुक्ति के प्रति युवाओं को जागरूक रहने का आह्वान किया।
धामी ने बताया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजनाएं, खेल रत्न पुरस्कार और खेल कोटे जैसे विभिन्न कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और बेहतर यातायात सुविधाओं के लिए रेल मंत्री से नई ट्रेनें देने का आग्रह भी किया।
उन्होंने प्रदेश में उत्तराखंड के प्रथम खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में तेजी से काम करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतकर 7वां स्थान हासिल कर इतिहास रचा है और खेलों के लिए 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय फेंसिंग महासंघ के महासचिव राजीव मेहता ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए कहा कि यह स्पर्धा एशियाई फेंसिंग परिसंघ द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसमें तजाकिस्तान, सीरिया, मलेशिया, श्रीलंका, थाईलैंड, इंडोनेशिया जैसे देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस मौके पर विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और खेल प्रेमी भी मौजूद थे।
