मदनपल्ली, आंध्र प्रदेश।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया और ‘अटल-मोदी सुशासन यात्रा’ में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए अटल जी के योगदान और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत प्रतीक रहा है। उन्होंने बताया कि अटल जी के नेतृत्व में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसी अनेक उपलब्धियाँ हासिल कीं।
धामी ने कहा कि गठबंधन सरकार के सफल कार्यकाल ने यह साबित किया कि जब उद्देश्य राष्ट्र की प्रगति हो, तो सभी दल एकजुट होकर कार्य कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में निरंतर नई ऊँचाइयाँ हासिल की जा रही हैं। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
धामी ने कहा कि भारत अब विश्व की अग्रणी आर्थिक शक्ति बनने के साथ-साथ रक्षा, अंतरिक्ष और अवसंरचना के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। मोदी सरकार के कार्यकाल में 99 प्रतिशत गांव सड़कों से जुड़े हैं, जबकि स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन क्षेत्र में भी ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण हेतु अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक, और बद्रीनाथ व केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण का उल्लेख किया।
धामी ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक उन्मूलन, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और वक्फ संशोधन जैसे निर्णयों ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत आधार प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पोलावरम परियोजना, औद्योगिक शहर, नाइट विज़न फैक्ट्री और सेमीकंडक्टर इकाई राज्य के विकास में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
धामी ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, रोजगार और सुशासन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करना, धर्मांतरण विरोधी कानून और लैंड जिहाद के खिलाफ कड़े कदम इसी दिशा में उठाए गए हैं।
