गुरुवार सुबह दिल्ली में घना कोहरा देखा गया, जिससे सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार बेहद धीमी रही। विजिबिलिटी कम होने की वजह से आम जन-जीवन प्रभावित रहा। इससे पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार शाम घने कोहरे के कारण क्रिकेट मैच रद्द करना पड़ा था।
मौसम विभाग ने देश के 16 राज्यों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से पूरे उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में भी घने कोहरे वाले हिस्से देखे जा सकते हैं।
- सड़क, रेल और हवाई यात्रा प्रभावित:
विजिबिलिटी कम होने के कारण यातायात में परेशानी हो सकती है।
- मौसम विभाग ने जरूरी सुझाव दिए हैं: धीरे गाड़ी चलाएं, फॉग लाइट चालू रखें और कोहरे के पीक आवर्स में गैर-जरूरी यात्रा से बचें।
- अन्य चेतावनियां:
- मध्य प्रदेश के पश्चिमी इलाकों और उत्तराखंड में शीतलहर की चेतावनी।
- पंजाब और हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट; विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रह सकती है।
- तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज और वज्रपात की संभावना।
- दिल्ली में प्रदूषण का स्तर:
दिल्ली की हवा इस समय बेहद खराब है। अधिकतर जगहों पर AQI 400 के करीब, जो खतरनाक श्रेणी में आता है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप-4 उपाय लागू किए गए हैं। अब प्रदूषण सर्टिफिकेट के बिना डीजल-पेट्रोल की बिक्री नहीं होगी।
