नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में अगले 24 घंटे के दौरान कड़ाके की सर्दी का असर और तेज़ हो सकता है। कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर भी असर देखा जा रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, उत्तरी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में 28 दिसंबर तक कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। इन क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है।
पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, सिक्किम और मध्य महाराष्ट्र में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन इलाकों में बर्फीले तूफान की भी आशंका जताई गई है।
इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया। पिछले कुछ दिनों से राजधानी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिन में आसमान अधिकतर साफ रहेगा और सुबह 10 बजे के बाद धूप निकलने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जबकि दोपहर बाद हवा की गति बढ़कर 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
