नई दिल्ली: ठंड से राहत की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को एक बार फिर मौसम ने झटका देने की तैयारी कर ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 से 25 जनवरी के बीच उत्तर भारत समेत देश के 9 राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में 22 से 25 जनवरी के बीच मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 22 से 24 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी का अनुमान जताया गया है।
देश की राजधानी दिल्ली में 20 जनवरी को न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 23 जनवरी से हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले 3–4 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा, हालांकि फिलहाल शीतलहर से राहत बनी रह सकती है।
उत्तर प्रदेश में 20 जनवरी को 10 से अधिक शहरों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, बरेली, बाराबंकी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद और मेरठ में सुबह के समय 10–15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं 22 से 25 जनवरी के बीच मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में 20 जनवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पटना, गया, बक्सर, सिवान, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार समेत कई जिलों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक गिर सकता है। पटना में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हरियाणा में 26 जनवरी तक ठंड बने रहने की संभावना है। वहीं पंजाब में 20 से 22 जनवरी के बीच अमृतसर, पटियाला, चंडीगढ़, जालंधर, लुधियाना समेत कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। 23 जनवरी से बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 20, 21 और 23 जनवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान के सीकर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, भरतपुर और श्रीगंगानगर में 22 और 23 जनवरी को बारिश के कारण तापमान गिरने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में 21 जनवरी तक राहत रहने के बाद 22 और 23 जनवरी को हल्की बारिश से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में ठंड बढ़ सकती है।
उत्तराखंड में 20 जनवरी को मौसम बिगड़ने के आसार हैं। 23 जनवरी को नैनीताल, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और उधमसिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में भी 23 जनवरी से तेज बारिश और बर्फबारी के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। शिमला में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री और मनाली में तापमान माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
