बलूचिस्तान (पाकिस्तान), 31 जनवरी 2026: विद्रोही समूह बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अपने बड़े अभियान “ऑपरेशन हेरोफ Phase-2” के तहत प्रांत भर में 48 अलग-अलग स्थानों पर समन्वित हमले किए हैं और विभिन्न इलाकों में कई ठिकानों पर नियंत्रण कर लिया है। समूह ने कहा है कि इन हमलों में 84 पाकिस्तानी सेना, पुलिस, खुफिया और सुरक्षा बलों के कर्मियों की मौत हुई है जबकि 18 को बंधक बनाया गया है।
BLA के बयान के अनुसार, क्वेटा, नोशकी, मस्तुंग, दलबांदिन, कलात, खारान, पंजगुर, ग्वादर, पसनी, तुरबत, टुम्प, बुलेदा, मैंगोचर, लासबेला, केच और अवारान सहित 14 शहरों में इन हमलों को अंजाम दिया गया। उन्होंने दावा किया कि कई चौकियों, सैन्य मुख्यालयों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर कब्जा किया गया है और कई इलाकों में दुश्मन की आवाजाही सीमित कर दी गई है।
BLA ने यह भी कहा है कि उनके 30 से अधिक सरकारी परिसरों पर नियंत्रण हासिल किया गया और उन्हें नष्ट कर दिया गया है, जिनमें बैंक, सरकारी कार्यालय और जेलें शामिल हैं। इसके अलावा 20 से अधिक दुश्मन वाहनों में आग लगाई गई है।
समूह ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान उसके सात लड़ाके शहीद हुए हैं, जिनमें उसकी मजीद ब्रिगेड की चार फिदायीन इकाइयां भी शामिल हैं। BLA के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने दावा किया कि बलूचिस्तान के कई इलाकों में अब भी उनका नियंत्रण बना हुआ है और ऑपरेशन जारी रहेगा।
