मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में दो भारतीय ट्रक ड्राइवरों ने बहादुरी का परिचय देते हुए लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया। घटना 20 मार्च को स्कोर्सबी इलाके के एक पेट्रोल पंप पार्किंग में हुई, जहां दो हथियारबंद लुटेरों ने ड्राइवरों को निशाना बनाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों भारतीय ड्राइवर अपने ट्रक के पास खड़े थे, तभी लुटेरों ने उन पर हमला कर दिया और ट्रक की चाबियां मांगने लगे। इतना ही नहीं, हमलावरों ने नस्लीय टिप्पणियां भी कीं।
हालांकि, एक ड्राइवर ने बिना डरे तुरंत जवाबी कार्रवाई की और दोनों लुटेरों से भिड़ गया। कुछ ही देर में उसका साथी भी मदद के लिए पहुंच गया और दोनों ने मिलकर लुटेरों को खदेड़ दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों ड्राइवरों को लुटेरों का डटकर सामना करते हुए देखा जा सकता है। एक ड्राइवर ने आत्मरक्षा में टूल का भी इस्तेमाल किया।
हमले के बाद लुटेरे अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लगातार बढ़ रही लूट और नस्लीय हमलों की घटनाओं को लेकर चिंता जताई जा रही है।
राहत की बात यह है कि दोनों भारतीय ड्राइवर सुरक्षित हैं। उनकी बहादुरी की सराहना न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि सोशल मीडिया पर भी जमकर हो रही है।
