तेहरान/इस्लामाबाद। मोजतबा खामेनेई ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान पर हुए हमलों के लिए “दुश्मनों को किसी भी कीमत पर सजा से नहीं बचने दिया जाएगा” और हर नुकसान का हिसाब लिया जाएगा।
अपने संबोधन में खामेनेई ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को लेकर जीत का दावा करते हुए कहा कि ईरानी जनता और सशस्त्र बलों ने साहस और एकजुटता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा, “यह विश्वास के साथ कहा जा सकता है कि ईरान का वीर राष्ट्र इस क्षेत्र में निर्णायक विजेता रहा है।”
सुप्रीम लीडर ने आगे कहा कि ईरान हमलों से हुए नुकसान की भरपाई, शहीदों के लिए मुआवजा और घायल सैनिकों के लिए क्षतिपूर्ति की मांग करेगा। इसके साथ ही उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन को और सख्त करने के संकेत भी दिए।
खामेनेई ने जनता से अपील की कि वे सड़कों, चौकों और मस्जिदों में एकजुट रहकर “मानव रक्षा श्रृंखला” बनाएं और देश के समर्थन में आवाज उठाते रहें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मौजूदा युद्धविराम स्थायी नहीं है और संघर्ष पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच हुआ अस्थायी युद्धविराम अभी भी नाजुक स्थिति में है। दक्षिणी लेबनान में जारी हमलों को लेकर मतभेद बने हुए हैं, क्योंकि वाशिंगटन और इजरायल का कहना है कि यह युद्धविराम हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर लागू नहीं होता।
इस असहमति ने क्षेत्र में कूटनीतिक प्रयासों को और जटिल बना दिया है, जिससे युद्धविराम के टूटने का खतरा बना हुआ है।
