पंतनगर। आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर हवाई अड्डा का निरीक्षण किया और प्रस्तावित विस्तारीकरण कार्यों की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसके लिए लगभग 380 करोड़ रुपये की लागत से विस्तार कार्य चल रहा है। एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण को आवंटित की जा चुकी है। संबंधित भूमि पर मौजूद भवनों का ध्वस्तीकरण और पेड़ों का कटान कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट की चारदीवारी का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विस्तार योजना के तहत 3000 मीटर लंबा रनवे, नया टर्मिनल, हैंगर, आईएलएस (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम) सुविधा, कार्गो टर्मिनल और नाइट लैंडिंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वर्तमान एयरपोर्ट पर एटीएम, कार पार्किंग, टैक्सी रिटेल काउंटर, वाई-फाई, हेल्पडेस्क, प्राथमिक चिकित्सा और एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
पर्यावरण स्वीकृति के लिए भी आवेदन किया जा चुका है। वहीं, एयरपोर्ट विस्तार के दायरे में आ रहे राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने के लिए सर्वे और टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, और जल्द ही इस पर कार्य शुरू होगा।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि एयरपोर्ट के पास गेस्ट हाउस निर्माण का प्रस्ताव है, जबकि कुछ भूमि सेना को भी आवंटित की गई है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।
इसके अलावा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने जनपद में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि जनपद को जनमन योजना में द्वितीय स्थान मिलने पर द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं, टीबी मुक्त अभियान में भी जिले ने दूसरा स्थान हासिल किया, जिसके लिए लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य सचिव ने “वर्ल्ड ऑन व्हील्स डिजिटल लर्निंग लैब” के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों से संवाद किया और उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर मंडलायुक्त दीपक रावत, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
