नई दिल्ली। देशभर में बदलते मौसम के बीच राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का यही उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार को बारिश और ओलावृष्टि के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। नोएडा समेत कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और बूंदाबांदी का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस सप्ताह उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तर-पूर्वी भारत में गरज, बिजली और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
3 से 6 मई के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है। हालांकि शुक्रवार से बारिश में कमी आने के आसार हैं। पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि शनिवार से तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।
वहीं 4 मई से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ इलाकों में फिर से हल्की बारिश हो सकती है।
बिहार और झारखंड में मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार में शनिवार से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। राज्य के 17 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
देशभर में फिलहाल मौसम अस्थिर बना हुआ है। कहीं बारिश से राहत मिल रही है तो कहीं तेज हवाएं और ओलावृष्टि परेशानी का कारण बन रही हैं। आने वाले दिनों में भी ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
