उत्तराखंड में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गरज के साथ हो सकती है। वहीं 3600 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज चमक के आसार हैं। हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। देहरादून सहित कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं आगामी तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। प्रदेश के कई इलाकों में ओलावृष्टि से फलदार पौधों और बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि इससे उनकी आर्थिकी पर बड़ा असर पड़ा है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
