हेग। Narendra Modi ने नीदरलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत की तेजी से बढ़ती वैश्विक पहचान, तकनीकी प्रगति और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र किया। प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान प्रवासी भारतीयों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि नीदरलैंड की अर्थव्यवस्था और समाज में भारतीयों का योगदान गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, “मैं नीदरलैंड की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। यहां रहने वाले भारतीय जिस तरह अपनी मेहनत और प्रतिभा से पहचान बना रहे हैं, उस पर हर भारतवासी को गर्व है।”
पीएम मोदी ने भारतीय संस्कृति की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में समय के साथ कई संस्कृतियां खत्म हो गईं, लेकिन भारत की विविध संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। उन्होंने कहा कि पीढ़ियां और देश बदल गए, लेकिन भारतीय परिवारों के संस्कार और अपनापन नहीं बदला।
प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों से कहा कि उन्होंने अपनी भाषा और परंपराओं को संभालकर रखा है, यही भारत की असली ताकत है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने 16 मई 2014 को याद करते हुए कहा कि इसी दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और दशकों बाद देश में पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ था।
उन्होंने कहा, “एक वो दिन था और एक आज का दिन है। करोड़ों भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का भारत बड़े सपने देख रहा है और देश अब सिर्फ बदलाव नहीं, बल्कि दुनिया में सबसे बेहतर और सबसे तेज बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में युवाओं की आकांक्षाएं असीमित हैं और इसी कारण देश के प्रयास भी लगातार बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी ने भारत में हुई AI और G20 समिट का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया अब भारत की तकनीकी क्षमता और नेतृत्व को गंभीरता से देख रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने बड़े पैमाने पर डिजिटल और तकनीकी विकास किया है। उन्होंने बताया कि भारत ने पिछले वर्षों में धरती से चंद्रमा की दूरी से भी 11 गुना अधिक ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है।
उन्होंने कहा कि एक समय भारत मोबाइल फोन आयात करता था, लेकिन आज देश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरर बन चुका है।
Artificial Intelligence और सेमीकंडक्टर सेक्टर का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब चिप निर्माण के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट्स पर काम चल रहा है, जिनमें से दो में उत्पादन भी शुरू हो चुका है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “अब चिप भी Designed in India और Made in India होगी।”
