New Mexico के माउंटेनएयर इलाके में एक रहस्यमयी पदार्थ के संपर्क में आने से हड़कंप मच गया। घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई राहत और बचावकर्मी बीमार पड़ गए। अधिकारियों के अनुसार कुल 23 लोगों को जांच और डी-कंटैमिनेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक अल्बुकर्क शहर के पूर्व में स्थित ग्रामीण क्षेत्र Mountainair के एक घर में 4 लोग बेहोशी की हालत में मिले थे। इनमें से 3 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति का इलाज अस्पताल में जारी है।
घटनास्थल पर पहुंचे कई फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स और राहतकर्मी भी अज्ञात पदार्थ के संपर्क में आने के बाद बीमार हो गए। उनमें मतली, चक्कर और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दिए।
University of New Mexico Hospital के अधिकारियों ने बताया कि कुल 23 लोगों की जांच की गई और उन्हें डी-कंटैमिनेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इनमें अधिकतर राहतकर्मी शामिल थे।
घटना के बाद Albuquerque Fire Rescue की हाजमैट टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम उस रहस्यमयी पदार्थ की पहचान करने में जुटी है, जिसके कारण यह स्थिति पैदा हुई।
अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह पदार्थ संपर्क से फैल सकता है, हालांकि फिलहाल इसे हवा से फैलने वाला नहीं माना गया है।
पुलिस ने घर तक जाने वाली सड़क को बंद कर दिया है और पूरे इलाके को चेतावनी टेप से घेर दिया गया है। Peter Nieto ने कहा कि शुरुआती संकेत ड्रग्स को इस घटना की संभावित वजह बता रहे हैं, लेकिन आम लोगों के लिए फिलहाल कोई बड़ा खतरा नहीं है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर इलाके में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर चिंता जताई। मेयर पीटर नीतो ने कहा कि मादक पदार्थों की लत केवल उनके शहर की नहीं, बल्कि पूरे देश की गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और राहतकर्मी हर दिन कठिन परिस्थितियों में लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं।
