ओडिशा के बालेश्वर जिले में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। खैरा थाना क्षेत्र के तुड़ीगड़िया बाजार में शनिवार तड़के बदमाशों ने एक एटीएम मशीन को जड़ से उखाड़कर थार वाहन से घसीटते हुए ले गए। सुनसान स्थान पर मशीन तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने के बाद आरोपी एटीएम को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार तड़के करीब 2 बजे हुई। बताया जा रहा है कि काले रंग की थार में सवार पांच से अधिक बदमाश एटीएम कियोस्क पहुंचे। उन्होंने पहले एटीएम मशीन को वाहन से बांधा, कियोस्क का गेट तोड़ा और फिर पूरी मशीन को उखाड़कर वाहन से घसीटते हुए वहां से ले गए।
घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में बदमाशों को एटीएम मशीन को थार से घसीटते हुए ले जाते देखा जा सकता है। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और वाहन का पता लगाने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी मशीन को एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उन्होंने उसे तोड़कर अंदर रखी नकदी निकाल ली। इसके बाद क्षतिग्रस्त एटीएम मशीन को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
फिलहाल एटीएम से कितनी नकदी चोरी हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर मशीन में मौजूद नकदी का मिलान कर रही है, ताकि चोरी गई रकम का सही आकलन किया जा सके।
घटना के बाद तुड़ीगड़िया बाजार और आसपास के इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में चोरी और लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमित पुलिस गश्त की कमी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर छोड़ी गई एटीएम मशीन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वारदात में इस्तेमाल किए गए थार वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई नकदी की बरामदगी के लिए जांच तेज कर दी गई है।
