राघव जुयाल की पहली सोलो लीड फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ 30 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ‘किल’ और ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ जैसी फिल्मों से अपनी अभिनय क्षमता साबित कर चुके राघव इस बार एक कॉमेडी-थ्रिलर लेकर बड़े पर्दे पर लौटे हैं। रिलीज से पहले फिल्म के रीक्रिएटेड गाने ‘आंखों से तूने ये क्या कर दिया’ और जोरदार प्रमोशन की वजह से इसे लेकर अच्छी चर्चा थी, लेकिन पहले दिन सोशल मीडिया पर फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है।
फिल्म देखने के बाद कई दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपनी राय साझा की। अधिकांश लोगों ने राघव जुयाल की परफॉर्मेंस की सराहना की, लेकिन कहानी और स्क्रीनप्ले को कमजोर बताया। एक यूजर ने लिखा कि राघव ने शानदार अभिनय किया है, हालांकि पहले से अनुमान लगाई जा सकने वाली कहानी और कमजोर पटकथा फिल्म को प्रभावित करती है। वहीं एक इंस्टाग्राम यूजर ने फिल्म को 5 में से 4 स्टार देते हुए इसकी तेज रफ्तार कॉमेडी, क्राइम और गलतफहमियों से भरपूर मनोरंजक अंदाज की जमकर तारीफ की।
दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में सिनेमाघरों से बाहर निकल रहे दर्शकों ने फिल्म को औसत बताया। कई लोगों का कहना था कि राघव की एक्टिंग ठीक है, लेकिन कहानी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती। रिलीज से पहले समय रैना के शो सहित कई प्लेटफॉर्म पर फिल्म का जोरदार प्रमोशन किया गया था, लेकिन शुरुआती प्रतिक्रियाओं से संकेत मिल रहे हैं कि इसका खास असर बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन देखने को नहीं मिला।
विवेक बी. अग्रवाल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राघव जुयाल और निहारिका एनएम के अलावा संजय कपूर, बरखा सिंह, विकल्प मेहता, विवान भटेना, निकी वालिया, पार्वती ओमानकुट्टन, चंदन रॉय सान्याल, टीना देसाई, विनीत बीप कुमार, नासेर अल अजेह और देव अग्रवाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। अब सभी की नजरें आने वाले दिनों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और दर्शकों के वर्ड ऑफ माउथ पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि फिल्म लंबी दौड़ में कितना असर छोड़ पाती है।
