पाकिस्तान के कराची शहर के ल्यारी इलाके में गुरुवार शाम जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में जुबैर बलोच गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि गोली लगने से दो राहगीर भी जख्मी हो गए। तीनों घायलों को तत्काल कराची के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जुबैर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका ऑपरेशन किया जा रहा है।
चाकीवाड़ा पुलिस के अनुसार, करीब 40 वर्षीय जुबैर बलोच मुख्य चाकीवाड़ा रोड स्थित सिंगू लेन में अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि जुबैर के सीने और पेट में कई गोलियां लगी हैं, जबकि घायल हुए दो राहगीरों में से एक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
दक्षिण कराची के डीआईजी सैयद असद रजा के मुताबिक, पुलिस इस हमले की कई पहलुओं से जांच कर रही है। जांच में गैंगवार, पुरानी रंजिश और निजी दुश्मनी सहित सभी संभावित कारणों को शामिल किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जुबैर बलोच को वर्ष 2012 में सात आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया गया था और वह जनवरी 2025 में जेल से रिहा हुआ था।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार, कुछ महीने पहले जुबैर बलोच एक राजनीतिक दल में शामिल हुआ था और उसने अपने इलाके में उस पार्टी के झंडे भी लगाए थे। वहीं, ल्यारी में यह चर्चा भी तेज है कि कराची ऑपरेशन के दौरान दुबई और ईरान भागे कुछ गैंगस्टर अमेरिका-ईरान संघर्ष के बाद वापस लौट आए हैं। इससे इलाके में एक बार फिर पुराने गैंगवार के लौटने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। घटना के दौरान पास की एक दुकान के मालिक ने जवाबी फायरिंग भी की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
उधर, उजैर बलोच के खिलाफ हत्या, पुलिस पर हमले, विस्फोटक रखने और अन्य गंभीर मामलों में कई मुकदमे लंबित हैं। मार्च में आतंकवाद निरोधी अदालत (ATC) ने सात मामलों में उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इससे पहले अप्रैल 2020 में एक सैन्य अदालत ने उसे जासूसी के मामले में दोषी ठहराते हुए 12 वर्ष की सजा सुनाई थी। कराची में जुबैर बलोच पर हुआ यह हमला एक बार फिर शहर में संगठित अपराध और गैंगवार की वापसी की आशंकाओं को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।
