निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म की स्टारकास्ट और किरदारों को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। इसी बीच रकुल प्रीत सिंह ने पहली बार खुलकर बताया है कि उन्होंने फिल्म में शूर्पणखा का किरदार निभाने के लिए हां क्यों कहा।
सोशल मीडिया पर एक प्रशंसक ने रकुल से पूछा कि उन्होंने ऐसे किरदार को चुनने का फैसला क्यों किया, जिसे अक्सर नकारात्मक नजरिए से देखा जाता है। इस पर अभिनेत्री ने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि शूर्पणखा का व्यक्तित्व बेहद जटिल और बहुआयामी है।
रकुल ने लिखा, “इस प्यारे संदेश के लिए धन्यवाद। मैंने शूर्पणखा का किरदार इसलिए चुना क्योंकि उसका व्यक्तित्व बेहद जटिल है। इतिहास अक्सर उसे सिर्फ एक घटना के लिए याद करता है, लेकिन उसकी कहानी इससे कहीं अधिक व्यापक है। एक कलाकार के तौर पर ऐसे किरदार निभाना सबसे रोमांचक होता है, जो हमारी स्थापित सोच को चुनौती दें। मुझे उम्मीद है कि जब ‘रामायण’ रिलीज होगी, तब दर्शक उसके किरदार को खुले मन से समझने की कोशिश करेंगे।”
रकुल के इस जवाब की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। कई प्रशंसकों ने उनके दृष्टिकोण की सराहना की है और कहा है कि पौराणिक पात्रों के अलग-अलग पहलुओं को समझना भी जरूरी है।
ट्रेलर को मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स
हाल ही में रिलीज हुए ‘रामायण’ के ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। ट्रेलर में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और अरुण गोविल की झलक देखने को मिली। हालांकि, सनी देओल ट्रेलर में नजर नहीं आए, जिसे लेकर कुछ प्रशंसकों ने निराशा भी जताई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के ट्रेलर को भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। विशेष रूप से रणबीर कपूर और यश के दृश्यों की सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी चर्चा हो रही है।
दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने की योजना है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में नजर आएंगे। रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका निभाकर इस महाकाव्य के एक महत्वपूर्ण पात्र को पर्दे पर जीवंत करती दिखाई देंगी।
