
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें सात सलाह दी हैं। रिजिजू ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर कहा कि अगर राहुल गांधी इन सुझावों पर अमल करते हैं, तो कांग्रेस पार्टी आगामी चुनावों में ज्यादा सांसदों को जिताने में सफल हो सकती है। उनकी इस पोस्ट के बाद एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
किरेन रिजिजू ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर राहुल गांधी को संबोधित करते हुए सात सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सीटें बढ़ाने के लिए राहुल गांधी को अपने कामकाज और राजनीतिक रवैये में कुछ बदलाव करने चाहिए।
रिजिजू की सात सलाह इस प्रकार हैं:
1. भारत में ज्यादा समय बिताएं: राहुल गांधी को भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और बार-बार बिना जानकारी दिए विदेश यात्राओं पर जाने से बचना चाहिए।
2. वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करें: उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना चाहिए और उनसे अनुभव व सीख हासिल करनी चाहिए।
3. भारत विरोधी लोगों से दूरी बनाएं: ऐसे लोगों से मुलाकात नहीं करनी चाहिए और उनके एजेंडे को आगे बढ़ाने से बचना चाहिए।
4. राजनीतिक विरोध को दुश्मनी न बनाएं: भाजपा, RSS और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत खत्म कर उन्हें राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखना चाहिए।
5. संसद को गंभीरता से लें: संसद की कार्यवाही में गंभीरता दिखानी चाहिए और पार्टी के सांसदों को बहस एवं चर्चाओं में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
6. संविधान और संस्थाओं का सम्मान करें: भारतीय संविधान के साथ-साथ देश की संवैधानिक संस्थाओं का भी सम्मान करना चाहिए।
7. परिवारवाद की राजनीति खत्म करें: कांग्रेस को एक लोकतांत्रिक पार्टी के रूप में काम करने देना चाहिए और परिवारवादी राजनीति से बाहर निकलना चाहिए।
दरअसल, राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ लगातार बयान दे रहे हैं। हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती भी दी थी। इसके बाद भाजपा नेताओं ने उनके बयान पर सवाल उठाए।
किरेन रिजिजू ने इस मुद्दे पर भी राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने कहा कि संसद बहस और चर्चा करने की जगह है, लेकिन जो लोग लोकतंत्र और चर्चा में विश्वास नहीं रखते, वे अब बहस की बात कर रहे हैं।
रिजिजू ने अपने बयान में राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उच्च स्तर की बहस समझदार और परिपक्व लोगों के बीच होती है। उन्होंने राहुल गांधी पर भारत के विरोधियों के एजेंडे को आगे बढ़ाने और दूसरों पर विदेशी समर्थन लेने का आरोप लगाने को लेकर भी निशाना साधा।
केंद्रीय मंत्री की इन सात सलाह के बाद राजनीतिक गलियारों में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल राहुल गांधी या कांग्रेस की ओर से इन सात सुझावों पर कोई जवाब सामने आने की जानकारी नहीं है।

