
अमेरिका की सेना ने ओमान की खाड़ी में नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक मालवाहक जहाज पर एयरस्ट्राइक की है। इस हमले में सेंट किट्स के झंडे वाले जहाज ‘M/V Huda’ को निष्क्रिय कर दिया गया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इसकी जानकारी दी है। सेना के मुताबिक, जहाज के चालक दल को बार-बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया।
CENTCOM की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार, अमेरिकी सेना ने 7 नवंबर को यह कार्रवाई की थी। अमेरिकी सैन्य विमान ने जहाज के पिछले हिस्से यानी स्टर्न को निशाना बनाकर सटीक हमला किया। इसका मकसद जहाज को आगे बढ़ने से रोकना था। बताया गया कि जहाज ईरान के एक बंदरगाह पर रुकने के बाद क्षेत्रीय जलक्षेत्र से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था।
अमेरिकी सेना के अनुसार, एयरस्ट्राइक से पहले जहाज के नागरिक चालक दल को निशाना बनाए जाने वाले हिस्से से दूर जाने के निर्देश दिए गए थे, ताकि किसी की जान को नुकसान न पहुंचे। इसके बावजूद जहाज ने अमेरिकी चेतावनियों को नजरअंदाज किया और नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश जारी रखी।
अमेरिकी सेना ने क्षेत्र में समुद्री गतिविधियों से जुड़े सभी जहाज संचालकों को चेतावनी दी है कि वे ईरान के तटीय इलाकों और आसपास के समुद्री रास्तों से गुजरते समय अमेरिकी सेना के निर्देशों का पालन करें।
CENTCOM के मुताबिक, जुलाई से नाकेबंदी लागू करने के अभियान के तहत अब तक 147 व्यावसायिक जहाजों को रोककर उनका रास्ता बदलवाया जा चुका है। वहीं, रुकने से इनकार करने वाले पांच व्यावसायिक जहाजों को निष्क्रिय किया गया है।
इसके अलावा, अमेरिकी सैन्य कमान ने दावा किया है कि उसने ईरान के 10 व्यावसायिक तेल टैंकरों को भी नष्ट किया है। अमेरिकी सेना के अनुसार, ये टैंकर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कथित बहु-अरब डॉलर के समुद्री नेटवर्क का हिस्सा थे।
इस बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के जमीनी परिवहन नेटवर्क को बाधित करने के लिए एक नई टास्क फोर्स बनाने का ऐलान किया है। इसका उद्देश्य ईरान तक उन्नत हथियारों, दोहरे इस्तेमाल वाली तकनीकों और प्रतिबंधित सामग्रियों की आपूर्ति को रोकना है। अमेरिका इस कदम के जरिए ईरान के सैन्य आपूर्ति नेटवर्क पर दबाव बढ़ाना चाहता है।
गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर में ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे पनामा के झंडे वाले कमर्शियल जहाज MT On Peace पर भी प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। इस घटना में जहाज के 12 क्रू मेंबर घायल हुए थे, जिनमें 11 भारतीय मूल के थे। विदेश मंत्रालय ने सभी भारतीयों को सुरक्षित निकालने की जानकारी दी थी।

