
देशभर में रविवार को दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया, लेकिन खुशियों के इस मौके पर कई जगह आगजनी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। पटाखों और आतिशबाजी के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। कहीं गारमेंट फैक्ट्री में आग लगी तो कहीं दुकान, मकान और गोदाम आग की चपेट में आ गए। दमकल विभाग की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि ज्यादातर घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के नांगली सकरावती में दिवाली की रात एक गारमेंट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर दमकल की 25 गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इसके अलावा नरेला औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में भी आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाई। वहीं, शाहदरा के अशोक नगर स्थित रमेश स्टोर में पटाखों की वजह से आग लग गई। बताया जा रहा है कि कुछ लड़के दुकान के पास पटाखे जला रहे थे। मना करने के बावजूद उन्होंने आतिशबाजी जारी रखी, जिसके बाद आग दुकान तक पहुंच गई और सामान जलकर खाक हो गया।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में एक फ्लैट में आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में रॉकेट पहुंचने की वजह से आग लगी। दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
वहीं, विजय नगर इंडस्ट्रियल एरिया में नोवा फॉर्म वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड की प्लास्टिक फैक्ट्री में भी भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक शटरिंग का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। दमकल विभाग की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के छोटा देवी खेड़ा इलाके में एक कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में तुर्भे सेक्टर-21 स्थित एक शॉपिंग सेंटर की पहली मंजिल पर सोफा बनाने वाली दुकान में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
वहीं, मुंबई के विद्याविहार स्थित स्काईलाइन एपिटोम बिल्डिंग में भी आग लगने से काफी सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा हाजी कसम चॉल के एक गैरेज में भी भीषण आग लग गई। आग बुझाने में दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी मदद की। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
दिवाली की रात पुणे में भी आगजनी की घटनाएं सामने आईं। वडगांव शेरी के एक अपार्टमेंट और फुरसुंगी के एक गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
ठाणे के रहेजा गार्डन रिहायशी परिसर की आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल पर आग लगने की घटना सामने आई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मध्य प्रदेश के देवास में भी दिवाली की रात आग का कहर देखने को मिला। जनता बैंक क्रॉसिंग के पास एक रेस्टोरेंट और मकान में आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा शहर में दो अन्य स्थानों पर भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
दिवाली के जश्न के बीच देशभर में हुई इन घटनाओं ने आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।

