
काठमांडू। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। काठमांडू से हेटौंडा जा रही यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक हाइस वैन अनियंत्रित होकर करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में चालक समेत 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। नेपाल पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों में 3 महिलाएं और 2 बच्चियां शामिल
यह हादसा मकवानपुर जिले के भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानीगढ़ी में हुआ। जानकारी के मुताबिक, मधेश प्रदेश में पंजीकृत इलेक्ट्रिक हाइस वैन सर्लाही जिले के यात्रियों को लेकर काठमांडू से हेटौंडा जा रही थी।
इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क मार्ग पर चिसापानीगढ़ी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिर गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है।
10 सीट वाली गाड़ी में सवार थे 15 लोग
हादसे की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस ईवी हाइस वैन की क्षमता केवल 10 यात्रियों की थी, उसमें चालक समेत कुल 15 लोग सवार थे। यानी वाहन में निर्धारित क्षमता से पांच लोग अधिक बैठे हुए थे।
मृतक और घायल सभी सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4 के सुन्दरपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घायलों में 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मुकेश और सक्षम की हालत सामान्य थी, जबकि सुदन की स्थिति मध्यम बताई गई है। सभी घायलों को उपचार के लिए हेटौंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चालक को झपकी आने की आशंका
हादसा सुबह तड़के हुआ, इसलिए शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी आ गई होगी। इसके चलते वैन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। नेपाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस, सेना और सशस्त्र प्रहरी बल ने चलाया बचाव अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल, नेपाली सेना और बागमती प्रदेश आपदा प्रबंधन गुल्म की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के एसपी श्यामबहादुर खत्री के नेतृत्व में भी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटनास्थल भीमफेदी इलाका पुलिस कार्यालय से करीब आठ किलोमीटर उत्तर में स्थित है।
बचाव दल ने खाई से शवों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
एक ही गांव के 10 लोगों की मौत से पसरा मातम
इस भीषण हादसे से नेपाल के सुन्दरपुर गांव में शोक की लहर है। एक ही गांव के 10 लोगों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में भी इस दुर्घटना को लेकर दुख जताया जा रहा है।
बता दें कि मकवानपुर जिले का मुख्यालय हेटौंडा भारतीय शहर रक्सौल से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित है। हादसे ने एक बार फिर नेपाल के पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा और वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने के खतरे को उजागर कर दिया है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है और घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

