
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के नए एपिसोड में कॉमेडियन समय रैना और एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिली। समय ने हुमा की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर तंज कसा, तो एक्ट्रेस ने भी अपने अंदाज में उन्हें करारा जवाब दे दिया।
समय ने फिल्म के फ्लॉप होने पर उड़ाया मजाक
शो के लेटेस्ट एपिसोड में हुमा कुरैशी मेहमान के तौर पर पहुंचीं। इस दौरान पैनल में कृष्णा अभिषेक, आशीष सोलंकी और बलराज सिंह घई भी मौजूद थे।
बातचीत के दौरान समय रैना ने हुमा की फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर मजाक किया। उन्होंने कहा, “आमतौर पर लोग इंडियाज गॉट लेटेंट में आते हैं और उसके बाद उनकी फिल्म फ्लॉप हो जाती है। आप पहली ऐसी इंसान हैं, जिनकी फिल्म पहले फ्लॉप हुई और फिर आप यहां आईं।”
हुमा ने दिया मजेदार जवाब
समय की इस टिप्पणी पर हुमा कुरैशी भी चुप नहीं रहीं। उन्होंने तुरंत पलटवार करते हुए कहा, “यार, मैंने तो बस टॉक्सिक नाम की फिल्म में एक्टिंग की है, लेकिन असल जिंदगी में तो तुम खुद ही टॉक्सिक हो।”
इसके बाद समय ने भी जवाब देते हुए कहा, “लेकिन कम से कम लोग मुझे तो देखते हैं।” दोनों के बीच हुई इस हाजिरजवाबी ने एपिसोड में खूब मनोरंजन किया।
गोविंदा के गोलीकांड पर भी हुआ मजाक
एपिसोड में एक और मजेदार पल तब आया, जब कृष्णा अभिषेक ने अपने मामा गोविंदा के पैर में गलती से गोली लगने की घटना का जिक्र किया। इस पर कॉमेडियन आशीष सोलंकी ने मजाक में कहा कि शायद अभिनेता ने ‘टॉक्सिक’ देखने के बाद ऐसा किया होगा।
इस एपिसोड में कॉमेडियन बलराज सिंह घई भी नजर आए हैं। शो का नया एपिसोड नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई ‘टॉक्सिक’
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म ‘टॉक्सिक’ में यश, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, नयनतारा, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार हैं।
फिल्म ने पहले दिन अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार बनाए रखने में संघर्ष करना पड़ा। बड़े बजट और दमदार स्टार कास्ट के बावजूद फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। इसे दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली से लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलीं।

