
भारत के पड़ोसी देश अफगानिस्तान में सोमवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.1 मापी गई। भूकंप के झटके सोमवार 16 नवंबर को तड़के महसूस किए गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक इस भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
तड़के 3:07 बजे आया भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने भूकंप को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अफगानिस्तान में सोमवार सुबह 3 बजकर 7 मिनट पर धरती हिली। भूकंप की तीव्रता 5.1 दर्ज की गई, जबकि इसका केंद्र जमीन से करीब 179 किलोमीटर की गहराई में था।
फिलहाल इस भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली है।
सितंबर में भी आए थे भूकंप के झटके
अफगानिस्तान में इससे पहले सितंबर महीने में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 7 सितंबर को आए भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी। यह भूकंप सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर आया था और इसका केंद्र जमीन से 130 किलोमीटर की गहराई में था।
इसके दो दिन बाद यानी 9 सितंबर को भी अफगानिस्तान में भूकंप आया था। उस समय इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 दर्ज की गई थी।
आखिर क्यों आते हैं भूकंप?
भूकंप आने की मुख्य वजह धरती के अंदर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल होती है। दरअसल, पृथ्वी की बाहरी परत कई बड़ी और छोटी प्लेटों में बंटी हुई है। ये प्लेटें लगातार धीरे-धीरे खिसकती रहती हैं।
जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, एक-दूसरे से रगड़ खाती हैं या अचानक खिसकती हैं, तो धरती के भीतर ऊर्जा जमा होती है। जब यह ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, तो जमीन में कंपन पैदा होता है। इसी कंपन को हम भूकंप के रूप में महसूस करते हैं।

