
दिग्गज अभिनेत्री निम्मी (नवाब बानो) के निधन के कई साल बाद उनकी करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है। परिवार ने अभिनेत्री के पूर्व केयरटेकर पर बैंक खातों से पैसे निकालने, धोखाधड़ी और जुहू स्थित दो फ्लैट पर कब्जे की कोशिश करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री निम्मी के निधन के बाद उनकी संपत्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। परिवार का आरोप है कि अभिनेत्री के पूर्व केयरटेकर असरार अहमद शेख ने उनके भरोसे का फायदा उठाकर बैंक खातों में जमा रकम और दूसरी संपत्तियों का कथित तौर पर दुरुपयोग किया।
आरोप है कि केयरटेकर ने बैंक खातों से करोड़ों रुपये की हेराफेरी की और मुंबई के जुहू इलाके में स्थित अभिनेत्री के दो फ्लैट पर कब्जा करने की कोशिश की। इन दोनों फ्लैट की अनुमानित कीमत करीब 7 से 8 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में शिकायत मिलने के बाद सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
परिवार के रिश्तेदार ने दर्ज कराई शिकायत
इस मामले में 11 नवंबर को मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने खुद को अभिनेत्री निम्मी का रिश्तेदार बताया है। उन्होंने अभिनेत्री की बहू सलमा नेल्दी परवीन की ओर से पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर शिकायत दी।
एफआईआर के मुताबिक, आरोपी असरार अहमद शेख लंबे समय से निम्मी और उनके पति अली रजा के यहां घरेलू सहायक और केयरटेकर के रूप में काम करता था। साल 2007 में अली रजा के निधन के बाद निम्मी अकेली रह गई थीं।
उम्र बढ़ने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते अभिनेत्री ने केयरटेकर पर भरोसा किया और उसके साथ संयुक्त बैंक खाते खुलवाए। इसके बाद आरोपी उनके बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कामकाज देखने लगा। परिवार का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने कथित तौर पर अभिनेत्री की संपत्ति और पैसों का गलत इस्तेमाल किया।
जुहू में दो फ्लैट और बैंक खातों में थी 1.77 करोड़ रुपये की FD
शिकायत के अनुसार, निम्मी और उनके पति ने मुंबई के जुहू तारा रोड स्थित नेहा अपार्टमेंट में बी-31 और बी-32 नंबर के दो फ्लैट खरीदे थे। दोनों फ्लैट अभिनेत्री के नाम पर पंजीकृत थे।
इसके अलावा उनके पास पार्किंग की जगह, सोने-चांदी के आभूषण और मारुति सुजुकी सियाज कार भी थी। अभिनेत्री के भारतीय स्टेट बैंक और सारस्वत बैंक के खातों में करीब 1.77 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) जमा थी।
बताया गया है कि निधन से पहले निम्मी ने अपनी वसीयत तैयार की थी। इसमें गुरपाल सिंह हरबंस सिंह सचर को वसीयत का निष्पादक नियुक्त किया गया था। वसीयत के मुताबिक, अभिनेत्री ने अपनी संपत्ति, बैंक में जमा रकम, फ्लैट और आभूषण अपने गोद लिए बेटे अली सैयद परवेज और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम किए थे।
हालांकि, दिसंबर 2020 में अली सैयद परवेज का भी ब्रिटेन में निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी सलमा और तीन बच्चे हैं।
वसीयत छिपाने और कार बेचने का आरोप
परिवार का आरोप है कि निम्मी के निधन के बाद केयरटेकर ने उनकी संपत्तियों और बैंक में जमा रकम का कथित तौर पर दुरुपयोग किया। शिकायत में कहा गया है कि एफडी की रकम का गलत इस्तेमाल किया गया। इतना ही नहीं, अभिनेत्री की कार को कबाड़ के रूप में बेचकर मिली रकम भी आरोपी ने अपने पास रख ली।
शिकायतकर्ता का दावा है कि केयरटेकर परिवार को वसीयत की जानकारी देने से बचता रहा। इसके बाद परिवार ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया और वसीयत से संबंधित जानकारी हासिल करने के लिए याचिका दायर की। परिवार के मुताबिक, वसीयत सामने आने के बाद ही उन्हें अभिनेत्री की संपत्ति और निवेश से जुड़ी पूरी जानकारी मिल सकी।
7 से 8 करोड़ रुपये के फ्लैट बेचने का भी प्रस्ताव
शिकायत में दावा किया गया है कि जुहू स्थित दोनों फ्लैट की कीमत करीब छह साल पहले 7 से 8 करोड़ रुपये आंकी गई थी। फिलहाल ये फ्लैट बंद पड़े हैं और उन पर ताला लगा हुआ है।
परिवार का आरोप है कि केयरटेकर ने दोनों फ्लैट बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांटने का प्रस्ताव भी दिया था। हालांकि, शिकायतकर्ता ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।
वहीं, निम्मी की वसीयत से जुड़ी प्रोबेट की कार्यवाही बॉम्बे हाईकोर्ट में लंबित है। परिवार ने आरोप लगाया है कि इसके बावजूद केयरटेकर संपत्तियों का अवैध तरीके से लेन-देन करने की कोशिश कर रहा है।
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
सांताक्रूज पुलिस ने असरार अहमद शेख के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 404, 406, 420, 465, 467, 468 और 472 के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं में मृत व्यक्ति की संपत्ति के गबन, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े आरोप शामिल हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान बैंक खातों से हुए लेन-देन, संपत्ति के दस्तावेजों और वसीयत से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल ये सभी आरोप परिवार की शिकायत पर आधारित हैं। इनकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

