
भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह छठ पूजा करने को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स के निशाने पर आ गईं। कुछ लोगों ने उनके अविवाहित होने पर सवाल उठाए तो कुछ ने इसे पब्लिसिटी स्टंट बताया। अब एक्ट्रेस ने इन आलोचनाओं का करारा जवाब दिया है।
अक्षरा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘मैंने छठी मैया को अर्घ्य दिया और कुछ लोगों ने मेरे ब्याह की चिंता का अर्घ्य दे दिया।’ उन्होंने आगे सवाल किया कि अगर कुंवारा लड़का छठ पूजा कर सकता है, तो कुंवारी लड़की क्यों नहीं?
अक्षरा ने कहा कि छठ पूजा जैसे पवित्र त्योहार को भी कुछ लोग दूसरों की आस्था पर सवाल उठाने का जरिया बना रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि उनकी आस्था उनके और छठी मैया के बीच का मामला है। इसके लिए उन्हें किसी की मंजूरी की जरूरत नहीं है।
हाल ही में अक्षरा सिंह मुंगेर के दुर्गा पूजा महोत्सव में भी चर्चा में आई थीं। यहां पवन सिंह ने पुरानी बातों के लिए उनसे माफी मांगी थी और उन्हें अपना बच्चा बताया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पवन की पत्नी ज्योति भी नाराज हो गई थीं।

