
भारतीय जनता पार्टी ने हैदराबाद में आयोजित भारत शिखर सम्मेलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी नेताओं को मंच देकर भारत को बदनाम करने और देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के नेता प्रतिपक्ष होने को देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गौरव भाटिया ने 14 नवंबर को आयोजित शिखर सम्मेलन को ‘भारत विरोधी शिखर सम्मेलन’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ऐसे मंचों के जरिए भारत विरोधी ताकतों को एकजुट कर रहे हैं।
भाटिया ने इटली के नेता और पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट के महासचिव गियाकोमो फिलिबेक की मौजूदगी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि फिलिबेक ने भारतीय मंच से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया और राहुल गांधी इस दौरान ताली बजाते और मुस्कुराते नजर आए।
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी को अराजक, अपरिपक्व, अंशकालिक और राष्ट्रविरोधी नेता प्रतिपक्ष बताया। उन्होंने कहा कि देश के आंतरिक मामलों पर विदेशी नेताओं की टिप्पणियों को लेकर राहुल गांधी को आपत्ति जतानी चाहिए थी।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारत शिखर सम्मेलन को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि लगातार चुनावी हार के कारण राहुल गांधी निराशा में नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत दिखा रहे हैं।

