दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की खबर है। दिल्ली सीएम हाउस में यह घटना घटी है। भाजपा ने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गुरुवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर आयोजित ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हमला हुआ। सीएम हाउस में मुख्यमंत्री रेखा जनसुनवाई कर रहीं थीं। पुलिस ने आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी मिली है कि जन सुनवाई के दौरान हमलावर ने पहले मुख्यमंत्री गुप्ता को कुछ कागज दिए और फिर कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। हमलावर को सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद चश्मदीद अंजलि ने कहा कि “यह गलत है। जनसुनवाई का अधिकार सभी को है। अगर कोई धोखेबाज उन्हें थप्पड़ मार सकता है, तो यह बहुत बड़ी बात है, मैं वहीं थी। वह व्यक्ति बोल रहा था और उसने अचानक थप्पड़ मार दिया। पुलिस उसे ले गई है। कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?” हमला को लेकर शख्स शैलेंद्र कुमार ने कहा कि मैं उत्तम नगर से सीवर की शिकायत लेकर आया था। जब मैं गेट पर पहुंचा तो अफरा-तफरी मची थी, क्योंकि मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया था। यह गलत है।
