नई दिल्ली/मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के भारत दौरे से पहले क्रेमलिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी पहली आधिकारिक मुलाकात की 24 साल पुरानी तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में तब गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई और विदेश मंत्री जशवंत सिंह के साथ मॉस्को में खड़े दिखाई दे रहे हैं। यह 2001 में हुई मुलाकात मोदी और पुतिन के बीच पहली आधिकारिक मुलाकात थी।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन आज (बृहस्पतिवार) से 2 दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली आए हैं। पीएम मोदी ने उनके सम्मान में हाई डिनर का आयोजन किया। शुक्रवार को हैदराबाद हाउस में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय शिखर वार्ता होगी। इस दौरान रक्षा, व्यापार और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कई द्विपक्षीय समझौतों पर चर्चा की जाएगी।
प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी और पुतिन की पहली मुलाकात 9 दिसंबर 2014 को नई दिल्ली में हुई थी। तब पुतिन भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए थे और दोनों नेताओं ने व्यक्तिगत बातचीत भी की। इसके बाद दोनों के बीच गहरी दोस्ती विकसित हुई, जो भारत-रूस के पारंपरिक संबंधों को और मजबूत कर रही है।
क्रेमलिन द्वारा साझा की गई पुरानी तस्वीर इस लंबी साझेदारी और आपसी भरोसे की याद दिलाती है।
