नई दिल्ली। उत्तर भारत इस समय भीषण शीतलहर की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों से उतरकर आ रही बर्फीली हवाओं ने मैदानी क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के 21 शहरों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली-NCR से लेकर बिहार तक घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई है।
सुबह के समय हालात ऐसे बन गए हैं मानो पूरा शहर बादलों की मोटी चादर में लिपटा हो। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं और रेल व हवाई सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
इन शहरों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, बिजनौर, आगरा, टुंडला और मुजफ्फरनगर में आज कड़ाके की ठंड रहेगी। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों में भी आज ठंड कहर बरपाएगी।
कोलकाता में मंगलवार को जनवरी का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 जनवरी की सुबह से दोपहर 11 बजे तक खतरनाक शीतलहर चल सकती है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। घने कोहरे के कारण यातायात पर खासा असर देखने को मिल सकता है।
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप
पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फरीदकोट, मोगा और बठिंडा में सुबह के समय 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से शीतलहर चलने की चेतावनी है।
हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत और पानीपत में भी घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
तीन राज्यों में बारिश के आसार
इस बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बारिश के चलते इन राज्यों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी और बारिश हुई थी, हालांकि फिलहाल वहां बारिश की संभावना कम बताई जा रही है।
