नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन को भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। सोमवार को पार्टी मुख्यालय में उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया गया। 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व संभालना एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के तहत पार्टी की सबसे छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक पूरी प्रक्रिया भाजपा के संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप पूरी की गई है। पीएम मोदी ने इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए देशभर के कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि बीते डेढ़ सालों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष जैसे ऐतिहासिक अवसर आए, जिन्होंने पार्टी और कार्यकर्ताओं के संकल्प को और मजबूत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का नेतृत्व परंपरा, अनुभव और जनसेवा की भावना से आगे बढ़ता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने अंदाज में कहा, “लोग मुझे प्रधानमंत्री के रूप में देखते हैं, लेकिन मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व यह है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। नितिन नबीन जी हमारे अध्यक्ष हैं और इसलिए वे मेरे बॉस हैं।” इस बयान पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियां बजाईं।
पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन का दायित्व केवल भाजपा को संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें एनडीए के सहयोगी दलों के साथ भी सामंजस्य बनाकर चलना होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि नितिन नबीन अब तक मिली हर जिम्मेदारी पर खरे उतरे हैं और आगे भी पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 25 साल भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, जब देश को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य हासिल करना है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन युवा ऊर्जा और संगठनात्मक अनुभव का बेहतरीन संयोजन हैं। वे उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसने रेडियो से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का दौर देखा है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक संस्कृति और परिवार है। यहां पद बदलते हैं, लेकिन विचार और दिशा नहीं बदलती। उन्होंने कहा कि भाजपा की जड़ें जमीन से जुड़ी हैं, इसी वजह से पार्टी क्षेत्रीय आकांक्षाओं को राष्ट्रीय मंच देने में सफल रही है।
उन्होंने भाजपा की चुनावी सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने बीते वर्षों में कई राज्यों में अपने दम पर सरकारें बनाई हैं और जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने पतन की समीक्षा करने से बचती है, जबकि भाजपा आत्ममंथन और सुधार की प्रक्रिया से आगे बढ़ती रही है।
कार्यक्रम के अंत में नितिन नबीन ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया और कहा कि वे संगठन, कार्यकर्ताओं और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
