दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह से जारी बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। नोएडा समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के चलते जहां ठंड बढ़ गई है, वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी सुधार देखने को मिला है। मौसम विभाग के अनुसार यह मौसमी बदलाव अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
नोएडा में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। दिन की शुरुआत तेज बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हुई, जिससे लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा। हालांकि दोपहर बाद बारिश की तीव्रता कुछ कम हुई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। शहर में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
करीब 11 बजे के बाद हुई तेज बारिश ने शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। सेक्टर-73 समेत कई क्षेत्रों में सड़कों के किनारे पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बदलाव की वजह उत्तर भारत पर सक्रिय एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ है। जनवरी के शुरुआती दिनों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ था, लेकिन शुक्रवार को हुई बारिश के बाद तापमान में तेज गिरावट आने की संभावना है। अनुमान है कि दिन का तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।
पिछले दो दिनों में दिन का तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया था और पारा 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और साफ आसमान के कारण दिन में गर्मी महसूस की जा रही थी, लेकिन अब सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते ठंड एक बार फिर लौटने लगी है।
दिल्ली और एनसीआर में बारिश के कारण प्रदूषण स्तर में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 4.5 से 7.4 डिग्री सेल्सियस तक का बदलाव दर्ज किया गया है, जिससे मौसम में स्पष्ट ठंडक महसूस की जा रही है।
