बेंगलुरु: बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMRCL) ने मेट्रो किराए में बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें 9 फरवरी 2026 से लागू होंगी। इस संशोधन के तहत न्यूनतम किराए में 1 रुपये और अधिकतम किराए में 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब मेट्रो का बेस फेयर 11 रुपये और अधिकतम किराया 95 रुपये होगा।
बीएमआरसीएल के अनुसार, करीब 7.5 साल बाद किराए में संशोधन किया गया है। साथ ही किराया जोन को 29 से घटाकर 10 किया गया है, जिससे औसतन 51.55% का संरचनात्मक बदलाव प्रभाव में आया है। अधिकारियों का कहना है कि यह संशोधन परिचालन और रखरखाव लागत में बढ़ोतरी को ध्यान में रखकर किया गया है।
नोटिफिकेशन के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 के ऑडिटेड आंकड़ों की तुलना में लागत में 10.20% की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, फेयर फिक्सेशन कमेटी (FFC) की सिफारिशों के तहत किराया बढ़ोतरी को 5% तक सीमित रखा गया है।
भविष्य में एकमुश्त बड़ी बढ़ोतरी से बचने के लिए बीएमआरसीएल ने एनुअल ऑटोमैटिक फेयर रिविजन सिस्टम लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत ऑपरेशन और मैनेजमेंट कॉस्ट के आधार पर हर साल किराए में संशोधन किया जाएगा, लेकिन यह वृद्धि 5% या उससे कम तक सीमित रहेगी और इसे निकटतम रुपये में राउंड ऑफ किया जाएगा।
नई किराया सूची (दूरी के अनुसार)
दूरी (किमी) मौजूदा किराया (₹) नया किराया (₹)
0–2 10 11
2–4 20 21
4–6 30 32
6–8 40 42
8–10 50 53
10–15 60 63
15–20 70 74
20–25 80 84
25–30 90 95
30 से अधिक 90 95
यात्रियों को मिलने वाली छूट
बीएमआरसीएल ने किराया बढ़ोतरी के साथ यात्रियों को कुछ रियायतें भी जारी रखी हैं:
- पीक आवर्स में: 5% डिस्काउंट
- नॉन-पीक आवर्स में: 10% डिस्काउंट
- रविवार और 3 तय राष्ट्रीय छुट्टियों पर: 10% डिस्काउंट
- टूरिस्ट कार्ड और ग्रुप टिकट: सालाना 5% की बढ़ोतरी लागू
अधिकारियों का कहना है कि किराया संशोधन से मेट्रो सेवाओं की गुणवत्ता, रखरखाव और भविष्य के विस्तार कार्यों को आर्थिक स्थिरता मिलेगी। वहीं, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्मार्ट कार्ड और ऑफ-पीक यात्रा विकल्पों का उपयोग कर किराए में बचत कर सकते हैं।
