मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में आयोजित भव्य उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के चहुंमुखी विकास के लिए कुल 295.21 करोड़ रुपये की लागत से 61 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने 123.91 करोड़ रुपये की लागत के 26 कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें चिकित्सा, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), नगर निगम रुद्रपुर, पशुपालन, संस्कृति, सिंचाई, खेल, शिक्षा तथा विभिन्न नगर निकायों से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 171.30 करोड़ रुपये की लागत के 35 कार्यों का शिलान्यास भी किया गया, जिनमें सड़क निर्माण, शहरी विकास, शिक्षा, पशुपालन और ग्रामीण निर्माण विभाग की परियोजनाएं प्रमुख हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए भव्य शिव प्रतिमा की स्थापना, नगर निगम रुद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण, भूरारानी और गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण तथा गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया और कांवड़ियों के चरण पखारकर उन्हें अंगवस्त्र व पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक आयोजित शिव बारात में भी उन्होंने सहभागिता की, जहां विभिन्न संगठनों और जनता ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्रपुर के विकास के लिए 288 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने रुद्रपुर बाईपास, चार लेन सड़कों, मोटर मार्गों के चौड़ीकरण, रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण, मास्टर ड्रेनेज प्लान, पिंक टॉयलेट्स, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर के निर्माण तथा पंतनगर हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है और धर्मांतरण विरोधी कानून समेत सख्त नकल विरोधी कानून लाकर पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं और 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सरस मेले के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा स्टार नाइट में शिव जागरण का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
