नई दिल्ली/देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री को भेजे अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में हुई प्रगति की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के लिए सदियों से प्रसिद्ध रहा है। यहां की विविध भाषाएं, लोक परंपराएं और सरल जीवनशैली राज्य को विशिष्ट पहचान प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में सरकार बनने के बाद से उत्तराखंड ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
नरेंद्र मोदी ने चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन जैसी प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है और यात्राएं अधिक सुरक्षित व सुगम बन रही हैं।
उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को भी सराहा। प्रधानमंत्री के अनुसार, इन पहलों से पर्यटन को बढ़ावा मिला है और पलायन रोकने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को सराहनीय बताया। साथ ही डिजिटल और हरित विकास के प्रयासों को भी राज्य की प्रगति में अहम बताया।
उन्होंने आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी उत्तराखंड की मजबूती का आधार बताया।
नरेंद्र मोदी ने विश्वास जताया कि ‘अमृत काल’ में विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
अंत में प्रधानमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
