देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में पहुंचकर रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से बातचीत कर आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल गैस का कोई बड़ा संकट नहीं है, लेकिन यदि भविष्य में आवश्यकता पड़ी तो देशवासियों को COVID-19 महामारी के दौरान दिखाई गई एकजुटता की तरह ही इस चुनौती का सामना करना होगा।
रेस्टोरेंट संचालक ने मुख्यमंत्री को बताया कि गैस सप्लाई में हल्की कमी आई है, लेकिन फिलहाल नियमित आपूर्ति हो रही है। उन्होंने बताया कि गैस की खपत कम करने के लिए तंदूर का अधिक उपयोग किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने पहल की सराहना करते हुए प्रशासन को वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आम जनता और व्यापारियों से अपील की कि यदि जरूरत पड़ी तो सभी को मिलकर संयम और सहयोग के साथ स्थिति का सामना करना होगा।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि गैस के विकल्प के रूप में इंडक्शन चूल्हे और अन्य ऊर्जा स्रोतों का उपयोग बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में लोगों की सहायता के लिए तैयार है।
