तेल अवीव/तेहरान। मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच इजरायल ने बड़ा दावा किया है। एक इजरायली सैन्य अधिकारी के अनुसार, अलीरेजा तंगसिरी, जो इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के प्रमुख थे, एक हमले में मारे गए हैं। बताया जा रहा है कि उनकी मौत बंदर अब्बास पर हुई स्ट्राइक में हुई।
इजरायली अधिकारी का दावा है कि तंगसिरी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की रणनीति में प्रमुख भूमिका निभा रहे थे। हालांकि, ईरान की ओर से इस हमले या तंगसिरी की मौत को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अलीरेजा तंगसिरी अगस्त 2018 से IRGC नेवी के प्रमुख थे। हाल के दिनों में उन्होंने फारस की खाड़ी और खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरान की सैन्य गतिविधियों को लेकर आक्रामक रुख अपनाया था। उन्होंने अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। वैश्विक स्तर पर करीब 20% कच्चा तेल और LNG इसी रास्ते से गुजरता है।
ऐसे में यदि इस मार्ग पर बाधा आती है या इसे बंद किया जाता है, तो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि होर्मुज जलडमरूमध्य लंबे समय तक बाधित रहता है, तो दुनिया भर में तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है। इसका असर भारत, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे बड़े ऊर्जा आयातक देशों पर भी पड़ेगा और वैश्विक महंगाई बढ़ सकती है।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है और स्थिति को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।
