भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। पार्टी ने इसे ‘संकल्प पत्र’ नाम देते हुए राज्य के समग्र विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक कल्याण पर जोर दिया है।
घोषणापत्र को नितिन नवीन और राजीव चंद्रशेखर ने जारी किया। इस दौरान ‘विकसित केरलम’ का विजन पेश करते हुए राज्य को वैश्विक स्तर पर पर्यटन और आर्थिक हब बनाने का लक्ष्य रखा गया।
बीजेपी ने अलग-अलग शहरों को विशेष क्षेत्रों में विकसित करने की योजना पेश की है:
तिरुवनंतपुरम को IT और इनोवेशन हब
कोच्चि को शिपबिल्डिंग केंद्र
कोझिकोड को हेल्थकेयर हब
त्रिशूर को सांस्कृतिक पर्यटन राजधानी
कोल्लम को ब्लू इकोनॉमी केंद्र
कन्नूर को डिफेंस इनोवेशन हब
पार्टी का दावा है कि इन योजनाओं से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
घोषणापत्र में महिलाओं और गरीब वर्ग के लिए कई महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं:
जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता
गरीब परिवारों को साल में 2 मुफ्त LPG सिलेंडर (ओणम और क्रिसमस पर)
हर घर को प्रति माह 20,000 लीटर मुफ्त पानी
इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य पर फोकस
पार्टी ने केरल में AIIMS स्थापित करने और तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क बनाने का वादा किया है। इसके अलावा सबरीमला मंदिर और गुरुवायूर मंदिर के प्रबंधन में सुधार की बात भी कही गई है।
इस मौके पर नितिन नवीन ने लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) पर ‘गेम फिक्सिंग’ की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि केरल में BJP का वोट शेयर 2% से बढ़कर 20% तक पहुंच चुका है।
केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 9 अप्रैल 2026 को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त हो रहा है। राज्य में करीब 2.7 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं।
बीजेपी का यह संकल्प पत्र विकास, बुनियादी ढांचे और कल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित है। अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में यह वादे मतदाताओं को कितना प्रभावित कर पाते हैं।
