अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को 180 से अधिक नाबालिग लड़कियों के कथित यौन शोषण और सैकड़ों अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान मोहम्मद अयान अहमद उर्फ तनवीर अहमद के रूप में हुई है, जिसे फिलहाल 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी परतवाड़ा का निवासी है और उसने सोशल मीडिया के माध्यम से लड़कियों को अपने जाल में फंसाया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर मुंबई और पुणे ले जाता था। वहां उनके साथ जबरन संबंध बनाकर वीडियो रिकॉर्ड करता था। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर कथित तौर पर वेश्यावृत्ति में धकेलने की कोशिश की जाती थी।
बरामद किए गए करीब 180 वीडियो में आरोपी को नाबालिगों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया है। कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ वीडियो में किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने के संकेत मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में आरोपी अकेला नहीं है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है।
यह मामला तब उजागर हुआ जब राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे और बीजेपी प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी ने अमरावती ग्रामीण के एसपी विशाल आनंद से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने WhatsApp और Snapchat जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए लड़कियों को निशाना बनाया।
शिकायत में यह भी कहा गया कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सांसद अनिल बोंडे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) के गठन की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि जांच नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
मामले पर देवेंद्र फडणवीस ने भी संज्ञान लिया है। वहीं पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी गहराई से जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि डीजीपी से भी इस संबंध में बातचीत की गई है।
पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की जांच कर रही है, जबकि साइबर सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक वीडियो हटाने की प्रक्रिया में जुटी है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की कई एंगल से जांच कर रही है, और आशंका है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
