मुंबई। Punjab Kings के सलामी बल्लेबाज Prabhsimran Singh ने Mumbai Indians के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 39 गेंदों में नाबाद 80 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने 196 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया और मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया।
प्रभसिमरन ने अपनी पारी में 11 चौके और 2 छक्के जड़े और अंत तक क्रीज पर टिके रहे। मैच के बाद उन्होंने अपनी इस शानदार पारी का श्रेय भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर Yuvraj Singh को दिया।
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बातचीत में प्रभसिमरन ने कहा कि शुरुआत में उन्हें पावरप्ले में ज्यादा गेंद खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने धैर्य बनाए रखा। उन्होंने कहा, “मैं बस खुद पर भरोसा रख रहा था। पावरप्ले में मैंने केवल 6-7 गेंदें खेलीं, लेकिन मुझे लगा कि अगर मैं अंत तक खेलूंगा, तो टीम को जीत दिला सकता हूं।”
उन्होंने आगे बताया कि 200 के करीब लक्ष्य का पीछा करते समय पावरप्ले का फायदा उठाना जरूरी होता है, लेकिन अगर परिस्थितियां अनुकूल न हों तो पारी को लंबा खींचना भी उतना ही अहम होता है।
युवराज सिंह से मिली सीख
प्रभसिमरन ने खुलासा किया कि ऑफ-सीजन में उन्होंने युवराज सिंह के साथ कड़ी मेहनत की। उन्होंने कहा, “मैंने युवी पाजी के साथ बहुत काम किया है। वह हमेशा कहते हैं कि तुम्हारे पास समय है, तुम अपनी पारी को लंबा खींच सकते हो। मेरे दिमाग में यही था कि अगर मैं अंत तक खेलूं, तो टीम को जीत दिला सकता हूं।”
कप्तान अय्यर की भी तारीफ
प्रभसिमरन ने टीम के कप्तान Shreyas Iyer की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “हमारे कप्तान बहुत अच्छे हैं। वह हमें स्पष्टता देते हैं और खुद भी शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके साथ खेलना आसान हो जाता है।”
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स का आत्मविश्वास और मजबूत हुआ है, वहीं प्रभसिमरन सिंह की यह पारी इस सीजन की यादगार पारियों में शामिल हो गई है।
