देहरादून। Kedarnath Temple धाम के कपाट खुलने के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री Narendra Modi ने एक बार फिर भगवान शिव के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की है। उन्होंने बुधवार देर शाम सोशल मीडिया के माध्यम से केदारनाथ प्रवास की पुरानी भावुक तस्वीरें साझा कीं, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री द्वारा साझा की गई तस्वीरों में उनके पूर्व केदारनाथ दौरे की आध्यात्मिक झलक दिखाई देती है। इन स्मृतियों के माध्यम से उन्होंने इस पवित्र धाम से अपने विशेष जुड़ाव को व्यक्त किया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह भावनात्मक जुड़ाव भगवान शिव के इस ज्योतिर्लिंग और तपोभूमि के प्रति उनकी श्रद्धा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह संदेश करोड़ों श्रद्धालुओं के हृदय को स्पर्श कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद न केवल आध्यात्मिक प्रेरणा देता है, बल्कि चारधाम यात्रा को आत्मिक जागरण की यात्रा के रूप में भी स्थापित करता है।
इस अवसर पर “हर-हर महादेव” के जयघोष से केदारनाथ धाम गूंज उठा और श्रद्धालुओं की आस्था नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई।
इससे पहले अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने चारधाम यात्रा को भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताते हुए तीर्थयात्रियों से ‘डिजिटल उपवास’ अपनाने का आग्रह किया था। साथ ही उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा, ‘वोकल फॉर लोकल’ और अनुशासन जैसे पांच संकल्पों का पालन करने की अपील भी की।
