चेन्नई। तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शपथ लेते ही अपनी सरकार की प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं। मुख्यमंत्री पद संभालने के तुरंत बाद विजय ने जनता से जुड़े तीन बड़े फैसलों पर हस्ताक्षर किए। इनमें 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महिला सुरक्षा के लिए स्पेशल टास्क फोर्स और ड्रग्स तस्करी रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन शामिल है।
चेन्नई में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद विजय ने अपने पहले आधिकारिक दस्तावेजों पर साइन किए। उनके इन फैसलों को जनता को राहत देने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विजय ने राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने के फैसले को मंजूरी दी। माना जा रहा है कि इससे मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के लाखों परिवारों को राहत मिलेगी। चुनाव प्रचार के दौरान भी विजय ने जनता को बिजली बिल से राहत देने का वादा किया था।
तमिलनाडु में बढ़ते नशे के कारोबार और ड्रग्स स्मगलिंग पर लगाम लगाने के लिए विजय सरकार ने विशेष टास्क फोर्स गठित करने का फैसला किया है। यह टीम पूरे राज्य में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और तस्करी से जुड़े गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री विजय ने महिला सुरक्षा को भी अपनी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल किया है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर तेजी से कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अलग स्पेशल टास्क फोर्स बनाने का निर्णय लिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे महिलाओं में सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद लिए गए ये फैसले विजय की कार्यशैली और प्राथमिकताओं का संकेत देते हैं। एक तरफ उन्होंने आम जनता को आर्थिक राहत देने की कोशिश की है, वहीं दूसरी तरफ कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर सख्त रुख अपनाने का संदेश भी दिया है।
