नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने के मौके पर संभावित आतंकी हमले को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जांच एजेंसियों को मिले इनपुट के बाद बीजेपी मुख्यालय, धार्मिक स्थलों और सरकारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस को अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि आतंकी संगठन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मुख्यालय समेत राजधानी की कई महत्वपूर्ण इमारतों को निशाना बना सकते हैं। विशेष रूप से डीडीयू मार्ग स्थित बीजेपी मुख्यालय और उसके आसपास के सरकारी कार्यालयों पर खतरे की आशंका जताई गई है।
इन इनपुट्स के बाद नई दिल्ली जिला पुलिस ने इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्थानीय पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है और आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, एजेंसियों ने आत्मघाती हमले, कार बम, आईईडी विस्फोट और समन्वित फायरिंग जैसे संभावित हमलों को लेकर चेतावनी दी है। हाल ही में पंजाब में बीएसएफ प्रतिष्ठानों और अमृतसर-जालंधर क्षेत्र में हुई घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।
दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख सरकारी कार्यालयों के आसपास निगरानी बढ़ा दी है। बम निरोधक दस्तों, डॉग स्क्वॉड और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा को भी किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और लंबे समय से खड़े वाहनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। राजधानी के संवेदनशील इलाकों में औचक जांच और सत्यापन अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं और खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
